शनिवार, 11 फ़रवरी 2012

हिन्दू लड़की का बलात धर्मपरिवर्तन कर मुस्लिम से शादी कराई


हिन्दू लड़की का बलात धर्मपरिवर्तन कर मुस्लिम से शादी कराई





कराची.पाकिस्तान के दक्षिणी शहर कराची में एक किशोरी हिन्दू लड़की को कथित तौर पर जबरदस्ती इस्लाम धर्म कबूल करवाकर एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करवा दी गई। लड़की के परिवार वालों ने थाने में मामला दर्ज कराया है।


लड़की की पहचान भारती नाम से हुई है। धर्म परिवर्तन के बाद उसका नाम आएशा कर दिया गया। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार के मुताबिक कराची के ल्यारी इलाके में यह 18वां ऐसा मामला है जिसमें बलात धर्मपरिवर्तन के बाद शादी कराई गई है।


लड़की के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि उसे जबरदस्ती इस्लाम धर्म कबूल करवा कर एक मुस्लिम आदमी से शादी करा दी गई।परिवार वालों ने बघदादी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराया है।


स्थानीय अदालत अब मामले की सुनवाई कर रहा है।

अखबार के मुताबिक शनिवार को कोर्ट में पेशी के दौरान लड़की एक काले 'अबया' लिबास में आई और अपने माता-पिता की तरफ देख कर बमुश्किल नजर मिलाई।

लड़की के पिता नरेन दास ने बताया "उस पर अपनी मर्जी से धर्मपरिवर्तन की बात कहने का दबाव डाला जा रहा है,अगर वो ऐसा नहीं कहती है तो हमें नुकसान पहुचाने की धमकी दी जा रही है।"

भारती की मां दिल की मरीज हैं। अपनी बेटी के अदालत में एक बार भी उन्हें न देखे जाने से वह दुखी हैं।

उन्होंने कहा "वह मेरी एकमात्र बेटी है। वह मुझसे बात नहीं करना चाहती और न ही मिलना चाहती है। मैंने उसे जन्म दिया और पास-पोस कर बड़ा किया है।"

दास ने नेशनल डाटा बेस और पंजीयन प्राधिकरण के रिकॉर्ड से कॉपी निकाली है जो बताता है कि उनकी बेटी की उम्र 15 साल है।

हालांकि लड़की का इस्लाम धर्म में धर्मपरिवर्तन और शादी के कागजात में लड़की की उम्र 18 दर्शाई गई है। दास ने कहा "शादी के कागजात में उसके उम्र के साथ छेड़छाड़ की गई है। उसकी उम्र शादी लायक नहीं है।"

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें